मुंबई/इटानगर/चंडीगढ़। तीन राज्यों में छिटपुट हिंसा के बीच मतदान जारी है। तीनों राज्यों में शुरुआती घंटों के दौरान धीमी से मध्यम गति से मतदान होने की खबर है। महाराष्ट्र में चार घंटों में 21 फीसदी मतदान हुआ, जबकि हरियाणा में पहले तीन घंटे में दस फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बीच, हरियाणा में एक बूथ पर हुई झड़प में एक पोलिंग एजेंट की मौत हो गई। इससे पहले महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में वोटिंग शुरू होने से पहले नक्सलियों ने गोलीबारी की। तीनों राज्यों में मतगणना 22 अक्टूबर को होगी।
तीनों राज्यों में मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ। आज महाराष्ट्र की 288, हरियाणा की 90 और अरुणाचल की 57 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। 60 सदस्यों वाली अरुणाचल विधानसभा में मुख्यमंत्री सहित तीन सदस्य पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
हरियाणा में पोलिंग एजेंट की हत्या
हरियाणा के कैथल जिले के गुलहा विधानसभा क्षेत्र में दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच हुए संघर्ष में एक चुनाव एजेंट की मौत हो गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुलहा से कांग्रेस के उम्मीदवार डिल्लू राम और निर्दलीय उम्मीदवार कुलवंत बाजीगर के समर्थकों के बीच संघर्ष हो गया। इस संघर्ष में बाजीगर के चुनाव एजेंट ज्योति राम [48] की मौत हो गई।
गढ़चिरौली में गोलीबारी
उधर, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में मतदान आरंभ होने से पहले संदिग्ध नक्सलियों ने गोलीबारी की। यहीं पर पिछले हफ्ते नक्सलियों ने 17 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।
गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने बताया कि अहेरी विधानसभा क्षेत्र के कसनपुर गांव में हुई उस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थिति नियंत्रण में है।
शिवसेना प्रत्याशी गिरफ्तार
उधर, रत्नागिरी में कुडल-मालवान विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना प्रत्याशी वैभव नायक को चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि नायक को उनके 15 समर्थकों और एक लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया। मतदाताओं को रिझाने का आरोप है। नायक को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।
मुंबई में सुबह-सुबह मतदान करने वालों में केंद्रीय मंत्री शरद पवार, विलासराव देशमुख, उद्योगपति अनिल अंबानी, शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे और क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर शामिल हैं।
महाराष्ट्र में मुख्य मुकाबला कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी [राकांपा] तथा भारतीय जनता पार्टी [भाजपा]-शिव सेना गठबंधन के बीच है। इनके अलावा कई छोटी पार्टियों के प्रत्याशियों और बागियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला भी होना है।
पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को 139 और भाजपा-शिवसेना को 119 सीटे मिलीं थीं। इसके अलावा अन्य दलों तथा निर्दलियों ने 30 सीटों पर कब्जा जमाया था।
उधर, अरुणाचल के एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कुल 60 सीटों वाली विधानसभा की 57 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे आरंभ हुआ। मुख्यमंत्री दोरजी खांडू सहित कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों के निर्विरोध चुन लिए जाने की वजह से अब 57 सीटों पर मतदान हो रहा है। खांडू तवांग जिले की मुक्तो सीट से वर्ष 1999 और 2004 में भी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
अरुणाचल में लगभग 750,000 मतदाता 2,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर मतदान के अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करेगे। केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन [संप्रग] में कांग्रेस के साथ शामिल राकांपा और तृणमूल यहां कांग्रेस को चुनौती दे रहे है।
वर्ष 2004 के चुनाव में कांग्रेस ने 34 सीटें जीतीं थीं। इसके अलावा निर्दलीयों ने 13, भाजपा ने नौ और राकांपा व अरुणाचल कांग्रेस ने दो-दो सीटों पर जीत हासिल की थी।
हरियाणा में भी सुबह विधानसभा की सभी 90 सीटों के लिए मतदान आरंभ हो गया। राज्य में 1.31 करोड़ मतदाता कुल 1,222 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेगे।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए है। मतदान के लिए तकरीबन 70,000 सरकारी कर्मचारियों को लगाया गया है। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए लगभग 65,000 सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
नितिन शर्मा (news with us)
No comments:
Post a Comment