Monday, September 28, 2009

दोनों कीमती धातुओं में नरमी

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीली धातु में आई नरमी से पिछले सप्ताह में दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 245 रूपए प्रति 10 ग्राम लुढक गया और चांदी में 800 रूपए प्रति किलोग्राम फिसल गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्ताह के प्रारम्भ में कारोबार नरमी से शुरू हुआ।
गत 17 दिसम्बर को सोना रिकार्ड 1023 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था लेकिन 21 सितम्बर को सप्ताह के प्रारम्भ में यह 1000.15 डॉलर प्रति औंस पर रहा। सप्ताहांत में शुक्रवार को यह गिरकर 985.70 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इसी तरह एक अन्य कीमती धातु चांदी में भी गिरावट दर्ज की गई है।
इससे पिछले सप्ताह चांदी भी रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई थी, जबकि बीते सप्ताह यह प्रारंभ में 16.64 डॉलर प्रति औंस पर रही, जबकि शुक्रवार को गिरकर यह 16.14 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। कारोबारियों और जानकारों का कहना है कि सोने के सबसे बडे उपभोक्ता भारत में त्योहारी और शादी विवाह का सीजन शुरू हो चुका है जिसके कारण वहां से पीली धातु की पूछपरख बढ गई है।
हालांकि ऊंची कीमत होने से हाजिर में ग्राहकी का अभाव है। उन्होंने कहा कि डॉलर में हो रही घट बढ से भी सोना पर दबाव बना है। डालर के कमजोर पडने से लोग सोना में निवेश करने लगते हैं और डॉलर के मजबूत होने पर पीली धातु की बिकवाली शुरू कर देते है। गत 17 सितम्बर के सोना के रिकार्ड 1023 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचने के कारण निवेशकों ने इसकी बिकवाली कर मुनाफा वसूली शुरू कर दी जिसके कारण डॉलर के अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में कमजोर पडने के बावजूद नरमी आई है।
स्थानीय सर्राफा बाजारों का भी समर्थन
स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना इससे पिछले सप्ताह जहां 16045 रूपए प्रति 10 ग्राम था वहीं बीते सप्ताह यह 245 रूपए प्रति 10 ग्राम की भारी गिरावट के साथ 15,800 रूपए प्रति 10 ग्राम पर रहा। बुधवार को पीली धातु रिकार्ड 16,100 रूपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई लेकिन इसके बाद इसमें गिरावट आने लगी। सप्ताहांत पर यह 15,800 रूपए प्रति 10 ग्राम पर रहा।
सोने में नरमी आने के बावजूद गिन्नी में लगभग स्थिरता रही। मंगलवार को यह 12,950 रूपए प्रति आठ पर पहुंच गई लेकिन इसके बाद यह 50 रूपए की गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 12,900 रूपए प्रति आठ ग्राम पर आ कर टिक गई। चांदी में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीते सप्ताह इसमें 800 रूपए प्रति किलोग्राम की नरमी आई।
आलोच्य सप्ताह में यह मंगलवार को 26,700 रूपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई लेकिन सप्ताहांत में 25,800 रूपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी में गिरावट का असर सिक्का लिवाली और बिकवाली पर भी देखा गया। बुधवार को सिक्का लिवाली 32,000 रूपए प्रति सैकडा पर पहुंच गया और बिकवाली 32,100 रूपए प्रति सैकडा पर रहा।
आलोच्य सप्ताह में इनमें 100-100 रूपए की गिरावट आई। जानकारों के अनुसार नवरात्रा के बाद कीमती धातुओं में तेजी आने की सम्भावना है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर हो रही घटबढ से स्थानीय स्तर पर असर पर रहा है।
नितिन शर्मा (newswithus)

1 comment:

  1. acha hai nahi to dosare grahun se mangawani padti

    ReplyDelete